Home International यूक्रेन युद्ध पर पुतिन का संकेत: रूस युद्ध विराम को तैयार, समझौते...

यूक्रेन युद्ध पर पुतिन का संकेत: रूस युद्ध विराम को तैयार, समझौते के लिए यूक्रेन को उठाने होंगे ठोस कदम

0

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध समाप्त करने की संभावनाओं पर खुलकर बात करते हुए कहा है कि रूस शांति के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए यूक्रेन को “व्यावहारिक समझौते” की दिशा में पहल करनी होगी। यह बयान पुतिन ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ढाई घंटे लंबी टेलीफोन वार्ता के बाद दिया।


यह दोनों नेताओं के बीच चार महीने में तीसरी बार हुई बातचीत थी, जिसमें यूक्रेन संकट मुख्य मुद्दा रहा। पुतिन ने वार्ता को “स्पष्ट और सार्थक” बताते हुए कहा कि रूस संभावित शांति संधि को लेकर यूक्रेन के साथ काम करने को तैयार है। इस समझौते में युद्ध विराम, शांति के सिद्धांत और भविष्य की रणनीति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हो सकते हैं।

व्हाइट हाउस अब तक चुप
अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने इस वार्ता पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, बातचीत से पहले ट्रंप ने इस दिन को “रचनात्मक” होने की उम्मीद जताई थी। वह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और अन्य यूरोपीय नेताओं से भी बात कर रहे हैं।

विपक्षी स्वर: पुतिन की मंशा पर संदेह
इस बीच, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ट्रंप शांति वार्ता को लेकर गंभीर हैं, लेकिन यदि उन्हें लगे कि पुतिन ईमानदारी से बातचीत नहीं कर रहे हैं, तो वह प्रयास रोक सकते हैं। वहीं, क्रेमलिन ने बताया कि पुतिन ने ट्रंप को इस्तांबुल में हाल ही में हुई रूस-यूक्रेन वार्ता की जानकारी दी और इन मुद्दों पर सहमति की आवश्यकता बताई।

क्या बोले ट्रंप?
राष्ट्रपति ट्रंप ने वार्ता के बाद कहा, “हमने ढाई घंटे तक बात की। मुझे लगता है कुछ प्रगति हुई है। वहां की स्थिति बेहद भयावह है—हर हफ्ते करीब 5,000 युवा मारे जा रहे हैं। हम इसे सुलझाने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं।”

NO COMMENTS

Exit mobile version