Home Madhya Pradesh उत्तर भारत में मानसून का तांडव, कई राज्यों में जलभराव और यातायात...

उत्तर भारत में मानसून का तांडव, कई राज्यों में जलभराव और यातायात प्रभावित

0

उत्तर भारत में मानसूनी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। हालांकि दिल्ली-यूपी समेत पूरे एनसीआर तीन दिन से भारी बारिश नहीं पड़ी है। जिससे उमस हो गई है। शुक्रवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में कहीं हल्की और कहीं थोड़ी अच्छी वर्षा हुई। लेकिन उमस भरी गर्मी से तब भी निजात नहीं मिली। पसीने से दिल्ली वासियों का हाल बेहाल ही रहा।

उत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी, कई राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और झारखंड में दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

हिमाचल के मंडी जिले में आपदा राहत तेज, अब तक 17 की मौत, 56 लोग लापता

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में आपदा प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज हो गया है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के साथ अब सेना भी सक्रिय हो गई है। 30 जून को बादल फटने और भूस्खलन के कारण आई बाढ़ से अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है और 56 लोग अब भी लापता हैं।

एनडीआरएफ ने जोखिम उठाकर 65 लोगों को बचाया

एनडीआरएफ की टीम ने सराज क्षेत्र के देजी गांव में फंसे 65 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। टीम को दुर्गम रास्तों से नौ किलोमीटर पैदल चलकर गांव तक पहुंचना पड़ा। सबसे पहले बीमार लोगों की प्राथमिक जांच की गई और फिर सभी को राहत शिविरों में पहुंचाया गया।

मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि रास्ते पूरी तरह टूटे हुए थे, लगातार भूस्खलन हो रहा था और मौसम भी बेहद खराब था, फिर भी प्रशासन, सुरक्षाबलों और स्थानीय लोगों के सहयोग से यह राहत कार्य सफल हो पाया।

हेलीकॉप्टर से राहत सामग्री और ड्रोन से खोजबीन

भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से राहत सामग्री भेजी जा रही है, जबकि लापता लोगों की तलाश ड्रोन के जरिए की जा रही है। हालांकि जिला मुख्यालय चारों ओर से कटा हुआ है, बिजली और दूरसंचार सेवाएं आंशिक रूप से बहाल की गई हैं।

उत्तराखंड में बारिश से चारधाम यात्रा बाधित, केदारनाथ मार्ग छह घंटे बंद रहा

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा बार-बार बाधित हो रही है। शुक्रवार को केदारनाथ पैदल मार्ग टूट जाने के कारण छह घंटे तक यात्रा रुकी रही। दोपहर में मार्ग बहाल होने पर तीर्थयात्रियों को फिर से आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। इस दौरान 500 यात्रियों को सुरक्षित गौरीकुंड लाया गया।

यमुनोत्री हाईवे छठे दिन भी बंद, बेली ब्रिज का निर्माण शुरू

यमुनोत्ररी हाईवे शुक्रवार को लगातार छठे दिन भी नहीं खुल पाया। वहीं कर्णप्रयाग के पास भूस्खलन के कारण बदरीनाथ हाईवे भी सुबह कुछ घंटों तक बंद रहा। छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया।

अब हाईवे को फिर से खोलने के लिए ओजरी क्षेत्र में बेली ब्रिज बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस पुल का निर्माण कार्य पूरा होने में एक सप्ताह तक का समय लग सकता है।

उप्र में बारिश से तबाही, 10 की मौत
उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ वज्रपात ने तबाही मचाई है। इसकी चपेट में आने से अलग अलग जिलों में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 10 लोग झुलस गए। पूर्वांचल में सबसे अधिक जानें गई हैं।

NO COMMENTS

Exit mobile version