यूक्रेन युद्ध के बीच रूस और NATO के बीच नया तनाव, एस्टोनिया ने रूस के संदिग्ध टैंकर को रोका
यूक्रेन युद्ध के दौर में रूस और NATO के रिश्तों में एक नया तनाव पैदा हो गया है, लेकिन इस बार विवाद यूक्रेन नहीं बल्कि बाल्टिक सागर के किनारे स्थित छोटे देश एस्टोनिया से जुड़ा है। एस्टोनिया की नौसेना और वायु सेना ने बाल्टिक सागर में एक संदिग्ध रूसी तेल टैंकर को रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के युद्धपोत और लड़ाकू विमान आमने-सामने आ गए।

किस जहाज पर विवाद हुआ?
विवादित जहाज का नाम ‘Jaguar’ है, जो लगभग 800 फीट लंबा एक कच्चा तेल ले जाने वाला टैंकर है। यह जहाज गैबॉन के झंडे तले चल रहा था, लेकिन ब्रिटेन ने हाल ही में इस पर प्रतिबंध लगाते हुए इसे रूस की “शैडो फ्लीट” का हिस्सा बताया है। शैडो फ्लीट वे जहाज होते हैं जो रूस पर लगे प्रतिबंधों को तोड़ते हुए गुप्त रूप से तेल पहुंचाते हैं।
NATO और रूस के लड़ाकू विमान आमने-सामने
जब एस्टोनिया ने इस टैंकर को रोकने की कोशिश की, तो जहाज ने सहयोग से इंकार कर दिया। इसके बाद NATO ने पोलैंड के MiG-29 लड़ाकू विमानों को तैनात किया। जवाब में रूस ने Su-35S फाइटर जेट भेजा, जिसने एस्टोनिया की हवाई सीमा का कथित तौर पर उल्लंघन किया। इसके बाद बाल्टिक सागर के ऊपर एक तनावपूर्ण हवा में झड़प (डॉगफाइट) हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ।
हेलिकॉप्टर से चढ़ाई की कोशिश, लेकिन असफल
एस्टोनिया ने A139 हेलिकॉप्टर और M-28 Skytruck विमान भी भेजे। सैनिकों ने हेलिकॉप्टर से टैंकर पर चढ़ाई की कोशिश की, लेकिन रूसी क्रू मेंबर्स ने उन्हें रोक दिया। जहाज से रूसी भाषा में सुनाई दी गईं टिप्पणियाँ, जो एस्टोनियाई सैनिकों को लेकर तंज थीं। अंत में, टैंकर Jaguar ने एस्टोनिया को चकमा देकर रूस के कब्जे वाले गोगलैंड द्वीप के पास पहुंच कर लंगर डाला। रूसी मीडिया ने इस घटना को बड़ी कामयाबी बताया और पश्चिमी प्रयासों को विफल करार दिया।
राजनयिक स्तर पर भी बढ़ा तनाव
इस घटना के बाद एस्टोनिया ने रूस के राजनयिक लेनार सलीमुल्लिन को तलब कर विरोध जताया। एस्टोनिया के विदेश मंत्री मार्गुस त्साहकना ने इसे गंभीर और अस्वीकार्य घटना बताया और रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग की। रक्षा मंत्री हैनो पेवकुर ने कहा कि यह जहाज बिना वैध राष्ट्रीयता के चल रहा था और देश की महत्वपूर्ण अवसंरचना के लिए खतरा था, इसलिए उसे रूसी जलसीमा तक पहुंचने तक एस्कॉर्ट किया गया।