


Ganeshotsav 2022: बैरागढ़ में तिरंगा पंडाल में विराजेंगे गजानन, झांकी में दिखेगी अमृत महोत्सव की झलक
Ganeshotsav 2022: उपनगर के पुराना बी वार्ड में सम्राट उत्सव समिति ने इस बार तिरंगा थीम पर झांकी सजाने की तैयारी की है।
भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। दस दिवसीय गणेशोत्सव कल 31 अगस्त से शुरू हो रहे हैं। राजधानी के उपनगर बैरागढ़ में भी गणेशोत्सव की तैयारियां चरम पर हैं। इस बार 100 से अधिक स्थानों पर सिद्धिविनायक की सुंदर झांकियां सजाई जा रही हैं। इनमें से आधा दर्जन झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
उपनगर के पुराना बी वार्ड में सम्राट उत्सव समिति ने इस बार तिरंगा थीम पर झांकी सजाने की तैयारी की है। समिति के अध्यक्ष भरत आसवानी के अनुसार आजादी के अमृत महोत्सव की झलक झांकी में नजर आएगी। पूरे पंडाल को ही तिरंगे कपड़े से सजाया जा रहा है। झांकी में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को देशभक्ति की प्रेरणा मिलेगी। गजानन की प्रतिमा के आसपास भी तिरंगा थीम पर सजावट की जा रही है। लाल बाग के राजा जैसी प्रतिमा का निर्माण कराया गया है। राजा-महाराजा की
तरह आसन पर सिद्धिविनायक बिराजे नजर आएंगे। झांकी स्थल पर धार्मिक गीतों के साथ ही देशभक्ति गीत भी सुनाई देंगे।
समिति पिछले 38 साल से गणेशोत्सव मनाती आ रही है। समिति ने 1984 में छोटे स्तर पर प्रतिमा स्थापित कर शुरूआत की थी। धीरे-धीरे उत्सव को भव्य रूप में मनाया जाने लगा। समिति ने कोरोना काल से पहले स्वच्छता थीम पर झांकी का निर्माण किया था। झांकी को नगर निगम ने पुरस्कार प्रदान किया था। आसवानी के अनुसार स्वच्छता थीम पर बनी झांकी देखकर लोग सफाई के प्रति सजग होने लगे। अब श्रद्धालुओं को देशभक्ति और राष्ट्रहित सर्वोपरी रखकर काम करने की प्रेरणा दी जाएगी।
राम मंदिर में भी विराजेंगे पार्वती नंदन
बैरागढ़ के मध्य में स्थित मिनी मार्केट रोड पर भी भव्य झांकी सजार्ई जा रही है। यहां पर अयोध्या के राम मंदिर प्रतिकृति का निर्माण किया जा रहा है। मंदिर के अंदर गजानन की सुंदर प्रतिमा स्थापित होगी। यहां प्रतिदिन भजन होंगे। पंडाल को भव्य रूप देने के लिए सजावट की जाएगी। रंगीन रौशनी से सजा पंडाल दूर से ही भक्तों को आकर्षित करेगा। यहां पर किंग्स समूह गणेशोत्सव मनाता है। पांच भाई मार्ग पर जंगल थीम पर झांकी का निर्माण किया जा रहा है। महाकाल ग्रुप के अध्यक्ष मिक्की भारानी ने बताया कि गणेशजी जंगल में बैठे भक्तों को नजर आएंगे। एच वार्ड प्राथमिक शाला के निकट हैप्पी क्लब की ओर से गणेशोत्सव मनाया जाएगा। यहां पर झांकी सजावट गांव की तरह की जा रही है। बैलगाड़ी पर सवार गजानन भक्तों को दर्शन देंगे। सीटीओ, गांधीनगर एवं ग्रामीण इलाकों में भी अनेक झांकियां सजाई जा रही हैं।