देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामले बढ़ने लगे हैं। राजधानी दिल्ली में पिछले एक हफ्ते में 99 नए केस दर्ज किए गए हैं। 19 मई तक जहां सिर्फ 24 एक्टिव केस थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 104 तक पहुंच गई है। हालांकि, इसी अवधि में 19 मरीज ठीक भी हुए हैं।

देशभर में 1000 से ज्यादा एक्टिव केस
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, सोमवार सुबह 11 बजे तक देश में कोरोना के 1009 एक्टिव केस दर्ज किए गए। सबसे ज्यादा एक्टिव केस केरल (430) में हैं, इसके बाद महाराष्ट्र (209), और फिर दिल्ली (104) का स्थान है। गुजरात में 83, तमिलनाडु में 69 और कर्नाटक में 47 मामले सामने आए हैं।
दिल्ली सरकार ने की एडवाइजरी जारी
कोरोना मामलों में तेजी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने हाल ही में एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें अस्पतालों को ऑक्सीजन, दवाइयां, बेड और वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी पॉजिटिव मामलों के सैंपल LNJP अस्पताल में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजने को कहा गया है।
झारखंड में भी कोरोना की वापसी
झारखंड की राजधानी रांची में भी कोरोना की नई लहर का पहला केस सामने आया है। मुंबई से लौटे एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है और फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार मरीज की हालत स्थिर है।