उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक डेंटिस्ट डॉक्टर अनुष्का, जो अपने क्लिनिक में हेयर ट्रांसप्लांट करती थीं, उनकी लापरवाही से दो लोगों की मौत हो गई है। अनुष्का कानपुर के रावतपुर इलाके में काम करती थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने फरीदाबाद की यूनिवर्सिटी से बीडीएस की डिग्री प्राप्त की है। उनके पति सौरभ भी डेंटिस्ट हैं और उन्होंने कानपुर के एक मेडिकल कॉलेज से बीडीएस किया है।

मृतकों में से एक विनीत दूबे थे, जो बिजली विभाग में इंजीनियर थे। उन्होंने मार्च में डॉक्टर अनुष्का के क्लिनिक में हेयर ट्रांसप्लांट कराया था, जिसके बाद उनका चेहरा काफी सूज गया था। 15 मार्च को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दूसरा मामला मयंक का है, जिनकी मौत 19 नवंबर 2024 को हुई। मयंक ने 18 नवंबर को हेयर ट्रांसप्लांट करवाई थी। रात भर उनके चेहरे की सूजन बढ़ती रही और डॉक्टर अनुष्का ने इलाज के दौरान कभी इंजेक्शन लगाने को कहा तो कभी पट्टी ढीली करने को। मयंक की मौत के बाद उनकी मां ने कानपुर में पुलिस को शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में पुलिस ने डॉक्टर अनुष्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं, लेकिन वह क्लिनिक बंद कर फरार हैं और उनका फोन भी बंद है। एसपी अभिषेक पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
यह भी बताया गया है कि सामान्यत: हेयर ट्रांसप्लांट का खर्चा डेढ़ से दो लाख रुपये होता है, लेकिन डॉक्टर अनुष्का 50 से 80 हजार रुपये में यह सेवा प्रदान करती थीं।