अमेरिका-चीन व्यापार समझौता: बातचीत में बनी सहमति, विवरण अभी गुप्त
व्हाइट हाउस ने रविवार को चीन के साथ एक व्यापार समझौते की घोषणा की है, हालांकि इस समझौते से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी साझा नहीं की गई है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने बताया कि चीन के साथ हुई बैठकों के बाद यह समझौता संभव हुआ है। उनका मानना है कि इससे अमेरिका को अपना व्यापार घाटा कम करने में मदद मिलेगी। हालांकि उन्होंने समझौते की शर्तों पर कोई खास जानकारी नहीं दी।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि समझौते पर जल्दी पहुंचना इस बात का संकेत है कि दोनों देशों के बीच मतभेद उतने गहरे नहीं थे जितना पहले सोचा गया था। ग्रीर ने बताया कि दो दिनों की बातचीत से पहले गहन तैयारी की गई थी। चीन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा था कि अमेरिका और चीन के बीच “बड़ी प्रगति” हो रही है। दोनों देशों के बीच यह बातचीत जिनेवा में हो रही थी। हालांकि, चीन की ओर से एक आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया गया कि वे किसी ऐसे प्रस्ताव को स्वीकार नहीं करेंगे जो उनके मूल सिद्धांतों या वैश्विक समानता को प्रभावित करे।
इस वार्ता का उद्देश्य अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापार विवाद को सुलझाना है, जिससे वैश्विक व्यापार पर असर पड़ा है। दोनों देशों के बीच बढ़ते टैरिफ और शुल्क ने दुनिया भर के वित्तीय बाजारों और व्यापारिक कंपनियों पर दबाव डाला है।
इस बैठक में अमेरिका की ओर से वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर शामिल हुए, जबकि चीन का प्रतिनिधित्व उप प्रधानमंत्री ही लाइफेंग ने किया। उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देश आयात शुल्क में कुछ नरमी दिखा सकते हैं, जिससे व्यापार जगत को राहत मिल सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ बढ़ाने की होड़ ने दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध जैसी स्थिति पैदा कर दी थी। वर्तमान में अमेरिका ने चीन पर 145% तक का शुल्क लगाया है, जबकि चीन ने अमेरिका पर 125% शुल्क लागू किया हुआ है।